
सिल्ली:- बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को सिल्ली थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मुरी ओपी एवं सिल्ली पुलिस की संयुक्त पहल पर संपन्न हुई। बैठक में मुस्लिम समाज की विभिन्न कमेटियों के सदस्य, गणमान्य लोग एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में मौजूद विभिन्न कमेटियों के सदस्यों ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का पर्व है। सिल्ली क्षेत्र में सभी धर्मों के लोग हर पर्व को मिल-जुलकर मनाते हैं और यहां हमेशा से सामाजिक एकता कायम रही है। उन्होंने कहा कि आज तक क्षेत्र में किसी प्रकार की घटना नहीं हुई है और आगे भी सभी लोग मिलकर शांति एवं भाईचारे का माहौल बनाए रखेंगे। इस दौरान सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार ने लोगों से बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप ग्रुप में किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या भ्रामक संदेश साझा करने से बचें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व समाज में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करते हैं, ऐसे लोगों की पहचान कर तुरंत पुलिस को सूचना दें। ओपी थाना प्रभारी विकास पसवान ने लोगों से यह भी अपील की कि पर्व के दौरान निकलने वाले अवशेष एवं वेस्ट सामग्री का सुरक्षित तरीके से निस्तारण करें तथा जमीन में गड्ढा खोदकर उसे दबा दें, ताकि किसी प्रकार की अराजकता या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का भरोसा दिया।