newsexpressbharat7.com

सड़क निर्माण की मांग को लेकर बिसरिया के ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, प्रखंड कार्यालय में धरना-प्रदर्शन


सिल्ली :- सिल्ली प्रखंड अंतर्गत बिसरिया गांव के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को प्रखंड कार्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इससे पूर्व ग्रामीणों ने झारखंड मोड़ से प्रखंड कार्यालय तक जन आक्रोश रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि बिसरिया से मुरी तक जाने वाला रास्ता वर्षों से जर्जर अवस्था में है। खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। घटना के बाद भी प्रशासन की ओर से सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बिसरिया से मुरी तक जाने वाले कच्चे रास्ते के तत्काल निर्माण की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि बरसात के दिनों में यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं मरीज जान जोखिम में डालकर रेलवे पटरी के सहारे आवागमन करने को मजबूर हैं। आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस तक गांव नहीं पहुंच पाती है। ग्रामीणों ने मांग की कि बरसात शुरू होने से पहले कच्चे रास्ते की मरम्मत कराई जाए, क्षतिग्रस्त पुलों पर गार्डवाल एवं साइड वॉल का निर्माण कराया जाए तथा एक वर्ष के भीतर इस मार्ग का स्थायी पक्की सड़क के रूप में निर्माण किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण रेल पटरी पर अनिश्चितकालीन आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


मौके पर बीडीओ अनिल कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि समस्या के समाधान के लिए जल्द आवश्यक पहल की जाएगी।


धरना-प्रदर्शन में पंसस रीता देवी, मलिन महतो, आलोक महतो, तापस महतो, पद्मलोचन महतो, आत्मा राम महतो, रोहित महतो, दुर्गा चरण महतो, तापस कुमार महतो, संजय कुमार महतो, मनोज महतो, पूर्णिमा देवी, पुष्पा देवी, सोमवारी देवी, रेणु देवी, सुलोचना देवी, दीपाली देवी, सरिता देवी सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top