
मुरी: नशीले पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘NARCOS’ के तहत RPF मुरी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुरी रेलवे स्टेशन से 40 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में तीन युवकों को पकड़ा गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
RPF के अनुसार, 6 मई 2026 को नशीले पदार्थों के अवैध परिवहन की गुप्त सूचना मिलने के बाद RPF पोस्ट मुरी और RPF ऑपरेटिंग पोस्ट जेएए की टीम ने मुरी रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान की निगरानी IPF/RPF पोस्ट मुरी संजीव कुमार के नेतृत्व में की जा रही थी।चेकिंग के दौरान शाम करीब 7:15 बजे रांची छोर की ओर प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर तीन युवक पांच पिट्ठू बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखाई दिए। संदेह होने पर RPF जवानों ने तीनों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में बैग में गांजा होने की बात सामने आने के बाद मामले की सूचना तत्काल ASC/RPF रांची को दी गई।इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर पोल संख्या 353/4A के समीप तीनों के बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सूरज कुमार के पास से दो पिट्ठू बैग में गांजा के दो पैकेट तथा एक Infinix कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
वहीं बीरेन कुमार के पास से दो पिट्ठू बैग में गांजा के दो पैकेट तथा सहेंद्र कुमार के पास से एक पिट्ठू बैग में गांजा का एक पैकेट बरामद किया गया। सहेंद्र के पास से LAVA और Motorola कंपनी के दो मोबाइल फोन भी मिले।RPF ने बरामद पदार्थ का डीडी किट के माध्यम से प्रारंभिक परीक्षण कराया, जिसमें गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद जब्ती की कार्रवाई के तहत सभी पांच पैकेटों का अलग-अलग वजन किया गया।
प्रत्येक पैकेट का वजन आठ किलोग्राम पाया गया, जिससे कुल 40 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त पैकेटों को पहचान के लिए A-1, A-2, B-1, B-2 और C-1 के रूप में चिह्नित किया गया।पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने बताया कि गांजा ओडिशा के संबलपुर से बिहार स्थित अपने-अपने गृह क्षेत्र ले जाया जा रहा था। पूछताछ में इसे बिक्री के उद्देश्य से अवैध रूप से ले जाने की बात भी सामने आई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूरज कुमार (19), निवासी पटनवा, थाना चांद, जिला कैमूर; बीरेन कुमार (20), निवासी डुमरिया, थाना चैनपुर, जिला कैमूर; तथा सहेंद्र कुमार (19), निवासी जद्दूपुर, थाना सोनहन, जिला कैमूर, बिहार के रूप में हुई है।RPF द्वारा बरामद गांजा, मोबाइल फोन और अन्य जब्त सामान को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद आगे की कार्रवाई के लिए GRP मुरी को सौंपे जाने की प्रक्रिया की गई। मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में IPF संजीव कुमार, SI के.के. सिंह, SI रवि शंकर, SI अश्वनी कुमार, ASI मंटू जायसवाल, HC एस.के. मेहता, HC कुमार कुशल, CT अमृत सिंह तथा LCT रोजी देई सहित RPF के अधिकारी और जवान शामिल रहे।
RPF की इस कार्रवाई से नशीले पदार्थों के अवैध परिवहन में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। रेलवे स्टेशन पर लगातार चलाए जा रहे चेकिंग अभियान से अवैध रूप से मादक पदार्थों की आवाजाही पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।