
सिल्ली। डीएवी महात्मा आनंद स्वामी पब्लिक स्कूल, सिल्ली के खिलाड़ियों ने डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 2026–27 में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। ग्रेटर नोएडा स्थित मलाकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने भारोत्तोलन, स्किपिंग रोप और वुशु में कई पदक हासिल किए।

भारोत्तोलन में गौरव कुमार ठाकुर और दिगंतिका सेन ने स्वर्ण पदक, जबकि नेहल ने कांस्य पदक जीता। स्किपिंग रोप की समूह स्पर्धा में पीयूष कुमार महतो, तुषार सिंह मुड़ा और विकास ठाकुर की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं उज्ज्वल कुमार और शुभोजीत कर्मकार सहित अन्य खिलाड़ियों ने रजत पदक जीते। विकास ठाकुर और सेजल कुमारी ने कांस्य पदक प्राप्त किया। वुशु में पूजा महतो, हीना कुमारी और मोहम्मद साहिल हसन ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या बी. शरण ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रशिक्षकों विजय एवं संगीता के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और लगन से विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर गौरव प्राप्त हुआ है।