सिल्ली। मुरी ओपी क्षेत्र के सुलूमजुड़ी में शनिवार शाम एक नाबालिग छात्र ने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गाड़ीहालमद झाबरी निवासी राजीव रंजन महतो के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल की प्रधानाध्यापिका विनीता महतो अपने परिवार के साथ सुलूमजुड़ी में किराए के मकान में रहती हैं। शनिवार को वह अपने दोनों पुत्रों राजीव रंजन महतो और छोटे पुत्र संजीव कुमार महतो को घर पर छोड़कर सिल्ली में कंप्यूटर क्लास जाने की बात कहकर निकली थीं।शाम करीब सात बजे घर लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को बुलाया गया। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। अंदर राजीव फंदे से लटका मिला।

परिजनों और आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलने पर मुरी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।मृतक के पिता अशोक कुमार महतो ने बताया कि शनिवार शाम दोनों भाइयों के बीच खेल-खेल में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद छोटा पुत्र संजीव साइकिल चलाने के लिए घर से बाहर चला गया, जबकि राजीव अपने कमरे में चला गया था।
घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मुरी ओपी प्रभारी विकास कुमार पासवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नाबालिगों में आत्महत्या एक अत्यंत संवेदनशील और गंभीर विषय है।
मानसिक तनाव, पारिवारिक परिस्थितियां, ऑनलाइन गतिविधियां अथवा अकेलापन जैसे विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस जांच कर रही है।