मस्जिद कमेटियों से शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

मुरी: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मुरी ओ.पी. पुलिस द्वारा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस बल ने विभिन्न इलाकों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों से आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने की अपील की।

इस दौरान मुरी पुलिस की टीम विभिन्न मस्जिदों में पहुंची तथा मस्जिद कमेटियों के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का आग्रह किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों से सतर्क रहने की अपील की।

मुरी ओपी प्रभारी विकास कुमार पासवान ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ संदेश पर ध्यान न दें तथा कोई भी संदिग्ध सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को जानकारी दें। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने से क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द कायम रहेगा।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की टीम मौजूद रही।
