दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतार, 10 दिनों में सड़क निर्माण का लिखित आश्वासन मिलने के बाद समाप्त हुआ आंदोलन।

सिल्ली : मुरी-गोला सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। जेएलकेएम के विधानसभा प्रभारी कृष्णा महतो के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सिंहपुर चौक के समीप सुबह करीब 10 बजे सड़क जाम कर दिया। करीब पांच घंटे तक चले जाम के कारण मुरी-गोला मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात पूरी तरह प्रभावित रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों का आरोप है कि मुरी-गोला सड़क निर्माण के दौरान भिखारी चौक से संत माइकल स्कूल तक निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। बारिश होने पर सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण करा रही कंपनी से कई बार निर्माण कार्य में तेजी लाने और सड़क को दुरुस्त करने का आग्रह किया गया, लेकिन उनकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज ग्रामीणों ने आंदोलन का निर्णय लिया। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क जाम की सूचना करीब 10 दिन पूर्व ही अंचल अधिकारी सिल्ली समेत स्थानीय प्रशासन को दे दी गई थी।

लिखित समझौते के बाद हटा जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद मुरी थाना प्रभारी विकास कुमार पासवान ने निर्माण कंपनी के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। करीब दो घंटे बाद कंपनी के अधिकारी जाम स्थल पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों, पुलिस और निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई।

मुरी ओपी के एसआई मणि भूषण पासवान एवं अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में निर्माण कंपनी की ओर से 10 दिनों के अंदर सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने का लिखित आश्वासन दिया गया। लिखित समझौते के बाद दोपहर करीब 2 बजे ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।