
मुरी। मुरी क्षेत्र में गुरुवार को मां दुर्गा की विदाई के दौरान श्रद्धालु भावुक हो उठे। भक्तों ने नम आंखों से मां को विदाई दी। इस दौरान महिलाओं ने सिंदूर खेल की रस्म निभाई। मां की आरती उतारकर और मुंह मीठा कराकर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना के साथ मां को विदा किया।

विदाई के दौरान कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। भक्तों ने मां के जयकारे लगाए और हर्षोल्लास के साथ विसर्जन जुलूस में शामिल हुए। जुलूस में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। श्रद्धा और भक्ति के माहौल में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

विसर्जन जुलूस के दौरान मुरी जीआरपी, मुरी ओपी और सिल्ली थाना की पुलिस लगातार मुस्तैद रही। प्रशासन की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन संपन्न कराया गया।

सिल्ली-मुरी क्षेत्र में दुर्गापूजा को सफल बनाने में विभिन्न पूजा समितियों का सराहनीय योगदान रहा। वहीं, पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से पूजा एवं विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।