
सिल्ली:: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिल्ली प्रखंड क्षेत्र में सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों में राष्ट्रध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सुबह 9:05 बजे सिल्ली गोपनीयता कार्यालय परिसर मे
अंचलाधिकारी अनुरूमा एक्का ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

सुबह 9:15 बजे सिल्ली प्रखंड कार्यालय में प्रखंड प्रमुख जितेंद्र बडाईक ने ध्वजारोहण किया।
सिल्ली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संगीता ब्रडाईक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। वहीं सिल्ली थाना परिसर में थाना प्रभारी नवीन कुमार ने तिरंगा फहराया। मुरी ओपी में थाना प्रभारी विकास कुमार पासवान ने तिरंगा झंडा फहराया ,पुलिस जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने सिल्ली स्थित अपने कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश को आजादी कठिन परिस्थितियों और असंख्य बलिदानों के बाद मिली है। इसलिए स्वतंत्रता के महत्व को समझना और वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

इस अवसर पर सुदेश कुमार महतो ने सिल्ली में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट के टॉपर विद्यार्थियों को मेधा प्रतिभा सम्मान समारोह के तहत सम्मानित किया। सम्मान पाने वाले विद्यार्थियों ने कहा कि इस तरह का सम्मान उन्हें जीवन में और बेहतर करने तथा आगे बढ़ने के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है।

डीएवी सिल्ली में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय के प्राचार्य बुबुन शरण ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। इस वर्ष राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम् की 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर डीएवी सिल्ली के छात्र-छात्राओं ने वंदे मातरम् की शानदार प्रस्तुति देकर समारोह में विशेष रंग भर दिया। विद्यार्थियों की सामूहिक प्रस्तुति ने देशभक्ति की भावना को और प्रबल कर दिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न संस्थानों में राष्ट्रगान, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, ध्वज को सलामी और मिठाई वितरण सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे सिल्ली क्षेत्र में आजादी के पर्व को उत्साह, सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
