79 किसानों के बीच मसूर, चना और सरसों के बीज वितरित

सिल्ली। किसान भवन में बुधवार को प्रखंड स्तरीय रबी कर्मशाला-सह-खेत बचाओ अभियान 2026 का आयोजन किया गया। इसमें महिला एवं पुरुष सहित कुल 254 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को रबी फसल प्रबंधन, वैज्ञानिक खेती और कृषि विभाग की योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में जिला परिषद जेएसएलपीएस की प्रखंड सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन गुरुपद महली ने किया।

कृषि विज्ञान केंद्र, रांची के कृषि वैज्ञानिक डॉ. रविंदर कुमार सिंह ने किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जीवामृत, जैविक खाद तथा मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने की जानकारी दी। वहीं किसानों को कृषि यंत्रीकरण, बीज अनुदान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
इस दौरान 35 किसानों को मसूर, 20 को चना और 24 किसानों को सरसों के बीज वितरित किए गए। साथ ही खेत बचाओ अभियान के तहत मेड़बंदी, जल संरक्षण, भूमि संरक्षण एवं जैविक खाद के उपयोग के प्रति किसानों को जागरूक किया गया।
मौके पर लखीचरण परमारी, पद्मा, ककिचरण परमाणिक, कृष्णा कुमार माझी और सरिता देवी सहित कृषक मित्र, आजीविका समूहों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।