
सिल्ली: प्रखंड में बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा सोमवार को खुलकर सामने आया। लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज और स्मार्ट मीटर की मनमानी बिलिंग से परेशान ग्रामीणों ने आजसू पार्टी के नेतृत्व में सिल्ली विद्युत उपकेंद्र के समीप धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने सरकार एवं बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द स्थायी समाधान की मांग उठाई।

धरना स्थल पर जिप उपाध्यक्ष वीणा चौधरी, आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सह पूर्व जिप सदस्य गौतम कृष्ण साहु, प्रमुख जितेन्द्र नाथ बड़ाइक, ने संयुक्त रूप से प्रभारी सहायक विद्युत अभियंता मुकेश साहू को विभाग के मुख्य प्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सिल्ली विद्युत उपकेंद्र के समीप एक वर्ष पूर्व निर्मित पावर ग्रीड स्टेशन को अविलंब चालू करने, पुराने एवं जर्जर तारों को बदलने, खराब ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने तथा आगामी 30 मई को प्रखंड कार्यालय में आयोजित विभागीय शिविर में स्मार्ट मीटर से संबंधित त्रुटिपूर्ण बिलिंग का समाधान करने की मांग की गई।
धरना का नेतृत्व कर रही जिप उपाध्यक्ष वीणा चौधरी ने कहा कि क्षेत्र में 24 घंटे में महज तीन से चार घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। उसमें भी लो वोल्टेज के कारण लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में लगातार बिजली कटौती ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। रातभर बिजली नहीं रहने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो रही और कई लोग बीमार पड़ रहे हैं।
आजसू नेता गौतम कृष्ण साहु, प्रमुख जितेन्द्र बड़ाइक, ने कहा कि बिजली व्यवस्था की बदहाली से खेती-किसानी और व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है। स्मार्ट मीटर में उपभोक्ताओं को कई गुना अधिक बिल भेजे जा रहे हैं। किसी उपभोक्ता का एक माह का बिल 30 हजार रुपये तो किसी का तीन से चार लाख रुपये तक पहुंच रहा है। गलत बिलिंग से परेशान लोग लगातार विद्युत कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं।
वक्ताओं ने स्थानीय स्तर पर ही बिजली बिल संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की। वहीं प्रदर्शन में मौजूद ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता।
प्रखंड प्रमुख जितेन्द्र बड़ाइक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आजसू पार्टी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। आवश्यकता पड़ने पर सड़क जाम और बड़े स्तर पर आंदोलन भी किया जाएगा।