
सिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित मुरी रेलवे स्टेशन का लोकार्पण किया।
मुरी रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो, रेलवे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है।
मुरी स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो ने कहा कि विकसित मुरी स्टेशन से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से स्टेशन तक पहुंचने वाले ग्रामीण मार्गों के विकास की भी मांग की, ताकि आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने इसे क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम से पूर्व डीएवी स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कुरमाली भाषा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजाराम महतो के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने चुआड़ विद्रोह के महानायक शहीद रघुनाथ महतो के नाम पर मुरी रेलवे स्टेशन का नामकरण करने की मांग संबंधी ज्ञापन रेलवे अधिकारियों को सौंपा।
कार्यक्रम में एडीआरएम हेमराज मीणा, मुख्य वाणिज्य पदाधिकारी अरविंद कुमार, डीआरयूसीसी सदस्य बिनोद अग्रवाल, जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी देवी, प्रखंड प्रमुख जितेंद्र बड़ाईक, सांसद प्रतिनिधि धीरज महतो, वनमाली महतो, सुबोध कुमार सहित कई रेलवे अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।