newsexpressbharat7.com

जर्जर विद्यालय भवन बना चिंता का विषय, बरामदे में पढ़ने को मजबूर छात्र-छात्राएं।

दो कमरे पूरी तरह क्षतिग्रस्त, बारिश में टपकती है छत; वर्षों से मरम्मत की मांग के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, विभाग ने अलॉटमेंट मिलते ही कार्य शुरू कराने का दिया भरोसा।

सिल्ली : सिल्ली प्रखंड के बड़ा चागडूं स्थित राजकीय मध्य विद्यालय का जर्जर भवन बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा, दोनों के लिए चिंता का विषय बन गया है। विद्यालय के दो कमरे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और उनमें कक्षाएं संचालित करना जोखिम भरा हो गया है। बरसात के दिनों में छत से लगातार पानी टपकने के कारण कक्षाओं के अंदर पढ़ाई संभव नहीं हो पाती। ऐसे में छात्र-छात्राओं को मजबूरन बरामदे में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।


विद्यालय भवन की छत और दीवारों में जगह-जगह दरारें पड़ चुकी हैं। कई स्थानों पर प्लास्टर टूटकर गिर रहा है। ऐसी स्थिति में शिक्षक और बच्चे हर दिन दुर्घटना की आशंका के बीच पढ़ाई और शिक्षण कार्य करने को विवश हैं। बरामदे में कक्षाएं चलने से पढ़ाई का माहौल भी प्रभावित हो रहा है और बारिश या तेज हवा के दौरान शिक्षण कार्य बाधित हो जाता है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक महेश्वर महतो ने बताया कि वर्ष 2023 से विद्यालय भवन की मरम्मत के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को लगातार आवेदन भेजा जा रहा है, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए विभाग को इस दिशा में तत्काल कदम उठाना चाहिए।


इस संबंध में प्रखंड शिक्षा विभाग के मनोज कुमार ने बताया कि विद्यालय भवन की तस्वीरें और उसकी वर्तमान स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेज दी गई है। विद्यालय की जर्जर स्थिति से उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top