सिल्ली/मुरी। मुरी ओपी क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर गला दबाकर हत्या किए जाने के मामले में रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मारदू गांव निवासी 23 वर्षीय भगवत महतो उर्फ भगवान दास महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और कपड़े समेत अन्य सामान बरामद किए हैं।

रांची पुलिस की ओर से 20 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 18 अक्टूबर को नाबालिग के पिता ने मुरी ओपी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी दोपहर करीब दो बजे घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मामले में 19 अक्टूबर को सिल्ली थाना के मुरी ओपी में कांड संख्या 66/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 64(1), 103(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4/6 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान 18 अक्टूबर की रात करीब 9:35 बजे मुरी ओपी क्षेत्र के मारदू गांव के छपराडीह के समीप जंगल-झाड़ी से नाबालिग का शव बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच की मदद से मामले की पड़ताल तेज की और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर दुष्कर्म और गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। आरोपी की निशानदेही पर मोबाइल फोन, कपड़े और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर आगे की जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में सिल्ली के पुलिस उपाधीक्षक, मुरी ओपी प्रभारी विकास कुमार पासवान, सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जांच के दौरान तकनीकी शाखा, डॉग स्क्वायड और एफएसएल मोबाइल वैन की टीम का भी सहयोग लिया गया।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।