newsexpressbharat7.com

तीन साल बाद सिल्ली सीएचसी में फिर हुआ सिजेरियन, जच्चा-बच्चा स्वस्थ।


जन्माष्टमी पर मिली सौगात, एनेस्थीसिया की सुविधा मिलने से सफल हुआ ऑपरेशन।


सिल्ली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सिल्ली में शुक्रवार को करीब तीन साल बाद फिर से सिजेरियन प्रसव सेवा शुरू हुई। वर्ष 2023 के बाद पहली बार सीएचसी में सफलतापूर्वक सी-सेक्शन ऑपरेशन होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है।


सिविल सर्जन, रांची के मार्गदर्शन एवं सहयोग से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संगीता कुमारी बड़ाईक के नेतृत्व में ऑपरेशन संपन्न हुआ। डॉ. अतिरंजन कुमार सहित स्वास्थ्य कर्मियों की तत्परता से ऑपरेशन सफल रहा। ऑपरेशन के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ एवं सुरक्षित हैं।


सीएचसी में एनेस्थीसिया चिकित्सक की नियमित उपलब्धता नहीं होने के कारण लंबे समय से सिजेरियन सेवा प्रभावित थी। शुक्रवार को सिंगापुर नर्सिंग होम के संचालक डॉ. रमेश प्रसाद ने एनेस्थीसिया की सेवा उपलब्ध कराई, जिसके बाद सीएचसी की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया।


सिल्ली जैसे ग्रामीण क्षेत्र में सरकारी अस्पताल में सिजेरियन सेवा का दोबारा शुरू होना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। अब तक सिजेरियन प्रसव के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था।


स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि सीएचसी में स्थायी रूप से एनेस्थीसिया चिकित्सक की व्यवस्था की जाए, ताकि सिजेरियन सेवा नियमित रूप से संचालित हो सके और क्षेत्र की गरीब महिलाओं को इलाज के लिए निजी अस्पतालों का रुख न करना पड़े।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top