newsexpressbharat7.com

सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, 14 वर्ष की बालिकाओं को मिलेगा मुफ्त टीका

सिल्ली: महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए भारत सरकार द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।

इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 फरवरी 2026 को किया गया था। इसके बाद राज्य सरकार के निर्देश पर 30 मार्च 2026 से प्रखंड स्तर पर भी इस अभियान की शुरुआत कर दी गई है। सिल्ली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में योग्य बालिकाओं को यह टीका निःशुल्क लगाया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीका उन बालिकाओं को दिया जाएगा जिनकी आयु 14 वर्ष पूर्ण हो चुकी है तथा 15 वर्ष से कम है।विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में कारगर है। इसी उद्देश्य से यह विशेष अभियान आगामी तीन माह तक चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ उठा सकें।

सिल्ली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सक डॉ. प्रियंका कुमारी ने प्रखंड वासियों से अपील करते हुए कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए यह महत्वपूर्ण योजना चलाई जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि अपनी बेटियों को समय पर टीका अवश्य दिलाएं, ताकि भविष्य में इस गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित है तथा इससे किसी प्रकार के गंभीर दुष्प्रभाव की आशंका नहीं है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रशिक्षित कर्मियों की देखरेख में टीकाकरण किया जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top